मिर्जापुर। वादों के निपटारे में लापरवाही बरते जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार मड़िहान को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। उन्होंने सभी तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को न्यायालयों में लंबित वादों का समय से निपटारा सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक कर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्राथमिकता वाले कार्यों में अगस्त माह में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अगस्त माह में जिले की रैंकिंग की भी समीक्षा की। इस दौरान वादों के निपटारे में लापरवाही की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी मड़िहान के तहसीलदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को राजस्व की शत प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले ने कुल 18 विभिन्न मदों में ए प्लस श्रेणी प्राप्त की है। जिलाधिकारी ने बी तथा सी श्रेणी प्राप्त करने वाले विभागीय अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई और प्रगति में सुधार लाकर अगले माह में ए श्रेणी प्राप्त करने को कहा। बैठक में एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, सीआरओ सत्य प्रकाश सिंह, एसडीएम सदर आसाराम वर्मा, एसडीएम चुनार राजेश वर्मा, एसडीएम लालगंज गुलाब चंद्र आदि मौजूद रहे।