मिर्जापुर। यू-डायस पोर्टल पर डाटा अपलोड नहीं करने पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को 432 शिक्षण संस्थानों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि यदि 20 जनवरी तक डाटा अपलोड नहीं किया तो उनके संस्थान की मान्यता की वापसी की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को 260 बेसिक शिक्षा और 89 माध्यमिक विद्यालयों के अलावा 83 मदरसों को नोटिस जारी किया। शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 31 अक्टूबर 2023 तक यू-डायस पोर्टल पर डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद कुछ शिक्षण संस्थाओं ने डाटा अपलोड किया, लेकिन इन संस्थानों ने अब तक डाटा फीडिंग का काम नहीं शुरू किया है। इसके चलते शासन को विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित जानकारी नहीं मिल पा रही हैं। विभाग का कहना है कि जब तक शासन को सभी शिक्षण संस्थानों के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होगी, वहां किसी प्रकार व्यवस्था मुश्किल है। इसीलिए पूरी जानकारी मांगी जाती है, लेकिन अभी तक 432 शिक्षण संस्थानों ने डाटा अपलोड करने का काम ही नहीं शुरू किया है। इससे पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कई परिषदीय विद्यालयों के पूरे स्टाफ का वेतन ही रोक दिया था, जो बाद मेंं कार्य शुरू होने पर जारी किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने चेतावनी दी कि 20 जनवरी तक डाटा अपलोड करने का काम नहीं होने पर संबंधित शिक्षण संस्थान की मान्यता समाप्त कर दी जाएगी।