कोर्ट के रोक के बावजूद मड़िहान क्षेत्र की पहाड़ियों पर इन दिनों धड़ल्ले से अवैध खनन जारी विभागीय मिलीभगत से आराम से माफिया परिवहन भी कर रहे हैं। रोक की मांग करने के बावजूद प्रशासन चुप्पी साधे है।
हाईकोर्ट ने मिर्जापुर एवं सोनभद्र में अवैध खनन व परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने जनपद में पूरी खनन व परिवहन पर पाबंदी लगाने को अफसरों से कहा था। कुछ दिनों डीएम के निर्देश का पालन किया गया लेकिन जैसे ही मामला ठंडा हुआ खनन माफिया सक्रिय हो गए। डगमगपुर, चितावनपुर, राजापुर, भोजपुर पहाड़ी, बरकछा, लालगंज, हलिया, विजयपुर, अहरौरा, जमालपुर, अदलहाट, चुनार, सक्तेशगढ़ खनन शुरू हो गया है। रात में जेसीबी से खुदाई की जा रही है।
मड़िहान के ग्रामीणों कहना है कि वन विभाग व खनन विभाग की मिलीभगत से मड़िहान क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन हो रहा है। रात में इलाके में विस्फोट कर पत्थर तोड़ने का कार्य करा रहे हैं। हैरत की बात तो यह कि शेरूआ पहाड़ी पर जिस स्थान पर खनन हो रहा है उससे थोड़ी ही दूर पर वन विभाग की चौकी है। ग्रामीणों ने अवैध खनन व परिवहन को तत्काल बंद कराने की मांग की है।