चील्ह के दलापट्टी घाट पर हुुए नाव हादसे के बाद भी प्रशासन अभी तक नहीं चेता। डीएम के आदेश के बावजूद ओवरलोड नावों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। नाविक क्षमता से अधिक लोगों को नावों पर सवार करने के साथ ही वाहनों को भी लाद रहे हैं। जिससे हादसा होने की पूरी आशंका है।
बता दें कि दो दिन पूर्व चील्ह थाना क्षेत्र के दलापट्टी गांव के पास छात्रों से भरी एक नाव ओवरलोड होने के कारण डूब गई थी। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने आनन फानन में सभी को बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने ओवरलोड नावों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्देश देते हुए ऐसा करने पर कार्रवाई के तहत नाव संचालन का लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी थी।
लेकिन नाविकों को इस निर्देश से कोई मतलब नहीं। वह अभी भी नावों पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठा कर गंगा पार करा रहे हैं। बुधवार व गुरुवार को नगर के चील्हघाट, नेवढ़िया, कनौराघाट, चंदिका, सिंधोरा, छटहा, कछवां, चुनार, नरायपुर समेत अन्य स्थानों से संचालित करने वाले नाविक ओवरलोड नाव धड़ल्ले से चलाते रहे।