हौसला पोषण योजना में गर्भवती महिलाओं व अतिकुपोषित बच्चों को कहीं घटिया दर्जे का भोजन परोसा जा रहा है तो कहीं आयरन की गोलियां ही नहीं बांटी जा रही हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब विशेष सचिव कृषि सर्वजीत राम सिटी और छानबे ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच करने पहुंचे। उन्होंने विजयपुर के ग्रामप्रधान व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भोजन की गुुणवत्ता में सुधार लाने को कहा। सिटी ब्लॉक के दुहौवा में आयरन की गोली नहीं बंटने पर कड़ी नाराजगी जताई।
विशेष सचिव ने शुक्रवार को विकास खंड छानबे के भटेवरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान लाभार्थियों से भोजन, घी, फल, पोषाहार वितरण की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विजयपुर बीआरसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बन रहा भोजन गुणवत्ता जांची। उसमें कमी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि जब भोजन पौष्टिक ही नहीं होेगा तो महिलाओं की सेहत का सुधरेगी। इस तरह के खाने से तो योजना का मकसद ही बेमानी हो जाएगा।
उन्होंेने भोजन की गुणवत्ता सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत गुप्ता को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, गुुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन देना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयरन की गोलियों का वितरण भी सुनिश्चित करने को कहा। सीडीपीओ इंदू मिश्रा, रामरुप यादव, सरोज शुक्ल मौैजूद रहे।