हलिया। डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह ने शनिवार को विपणन केंद्र मवई कलां का औचक निरीक्षण कर धान खरीद का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से भी यहां हो रहे तौल के बारे में पूछताछ की।
टोकन रजिस्टर पर किसानों के हस्ताक्षर न देख डिप्टी आरएमओ ने केंद्र प्रभारी को फटकार लगायी। हस्ताक्षर कराने के निर्देश दिए। केंद्र पर मौजूद कोठी धौकल सिंह के किसान ओमजी सिंह ने बताया कि 20 नवंबर का टोकन था, लेकिन अब तक धान की तौल नहीं हो पाई। एक सप्ताह से दो ट्रैक्टर ट्राली पर साठ क्विंटल धान लेकर खड़े हैं। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि मंगलवार व शुक्रवार को लघु सीमांत किसानों की खरीद के लिए निर्धारित किया गया है। जिसमें कोई भी लघु सीमांत किसान तीस क्विंटल से लेकर पचास क्विंटल तक धान बेच सकता है। उन्होंने बताया कि एक किसान से अधिकतम सौ क्विंटल धान की खरीद होगी।