मिर्जापुर। जिले में शुक्रवार को पीएम अन्नोत्सव के तहत अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थ योजना के लाभार्थियों को नि: शुल्क अनाज का वितरण एक लाख से ज्यादा परिवारों में किया गया। प्रति लाभार्थी विशेष रूप से बनाए गए इको फ्रेंडली बैग में अनाज रखा कर दिया गया। इसके साथ ही उनको योजनाओ के दो फोल्डर एवं मुख्यमंत्री का एक लिफाफा पत्र भी दिया गया। सिटी ब्लाक के चितावनपुर गांव में जिलाधिकारी ने अनाज का वितरण करते हुए कहा कि अब जनपद में कोई भी गरीब भूखे पेट नहीं साएगा। जिले के नोडल अधिकारी व नगर विकास सचिव अनुराग यादव एवं जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सिटी ब्लाक के चितावनपुर में उचित मूल्य दुकान पर लाभार्थियों को अनाज का वितरण किया। साथ ही दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का शुभारंभ एवं सजीव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगस्त का महीना नए भारत के इतिहास में भारत के विजय की शुरूआत करते हुए उपलब्धियॉ लेकर आया है। पांच अगस्त की तारीख का विशेष महत्व इतिहास में सालों तक दर्ज रहेगा। पांच अगस्त को ही टोक्यो ओलंपिक के मैदान पर हमारी प्रतिभाशाली खिलाड़ी कीर्तिमान को दर्ज कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र ने बताया कि अन्न महोत्सव कार्यक्रम में जिले के सभी 1035 उचित दर की दुकानों से 100-100 लाभार्थियों को नामित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा राशन का वितरण किया गया। इसी तरह एक लाख 13 हजार परिवारों को सरकार की तरफ से एक दिन में 23918 क्विंटल से ज्यादा अनाज का वितरण किया गया। अन्न महोत्सव का लाइव प्रसारण एवं संवाद एलईडी वैन एवं टीवी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, आपूर्ति निरीक्षक, कोटेदार एवं गणमान्य जनता उपस्थित रहे। ा अग्रहरि भी उपस्थित थे।