पथरहिया स्थित आयुक्त कार्यालय में अधिकारी के साथ बैठक करती आयुक्त प्रीती शुक्ला ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। आयुक्त विन्ध्याचल मंडल प्रीति शुक्ला ने मंगलवार को अपने कार्यालय के सभागार में मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया।
उन्होंने अधिकारियों के लिए निर्देश दिया है कि इस आपदा की घड़ी में मंडल व जिला मुख्यालय वे नहीं छोडे़ंगे। बैठक में बिना किसी सूचना के मंडल मुख्यालय से बाहर रहने व बैठक में अनुपस्थित रहने पर अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. आरके शुक्ला से स्पष्टीकरण मांगा । आरएफसी से कहा कि अन्त्योदय व पात्रगृहस्थी कार्ड धारकों को नियमित रूप से दिये जाने वाले राशन व अतिरिक्त पांच किलोग्राम तीन माह तक निशुल्क वितरण करा दिया जाये। उप निदेशक पंचायती राज विभाग से कहा कि प्रत्येक ग्रामसभा को सैनेटाइज किया जाये। इसके अलावा सभी अधिकारी अपने कार्यालयों को सैनिटाइज कराएं। यह भी कहा कि कोरोना से संबंधित जो भी रिपोर्ट अपने विभागाध्यक्षों को भेजी जाए वह जिलाधिकारी को भी दी जाये। आने वाली शिकायतों को रजिस्टर बनाकर दर्ज किया जाये तथा उसका त्वरित समाधान कराया जाये। लोक निर्माण विभाग, राजस्व, पंचायती राज विभाग सहित अन्य श्रमिकों से संबंधित विभाग श्रमिकों, मजदूरों की सूची जो पंजीकृत हैं, उनकी सूची श्रम विभाग को तत्काल उपलब्ध कराकर उनके खाते में एक-एक हजार रुपये भेजे जाएं।
आरटीओ ने बताया कि जिनके वाहनों का पंजीकरण इस अवधि में समाप्त हो रही है उनकी वैधता 30 जून तक बढ़ा दी गई है। आयुक्त ने कहा कि 102 व 108 एंबुलेन्स को सक्रिय किया जाये तथा स्वास्थ्य विभाग अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। सभी लोग इस आपदा की घड़ी में अपना सहयोग प्रदान करें, सामाजिक दूरी बनाये रखें। इस अवसर पर अपर आयुक्त रमेश कुमार, सुरेंद्र बहादुर यादव, संयुक्त विकास आयुक्त ओम प्रकाश पांडेय व अन्य सभी मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।