फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: नवीन औद्योगिक आस्थान के लिए विजयपुर में नौ हेक्टेयर जमीन चिह्नित

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। चुनाव आचार संहिता के चलते लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को उद्योग बंधु की बैठक और इन्वेस्टर डे का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार किया गया। इसमें उद्यमियों ने विद्युतीकरण, सड़क निर्माण और साफ-सफाई के मुद्दाें को प्रमुखता से उठाया। वहीं, उपायुक्त उद्योग ने नवीन औद्योगिक आस्थान के लिए विजयपुर में नौ हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने की जानकारी दी। बैठक में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से ही क्षेत्र का विकास संभव है। उन्होंने उद्यमियों को हर तरह का सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया। वहीं, उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार ने बैठक में बताया कि नवीन औद्योगिक आस्थान के निर्माण के लिए विकास छानबे विधानसभा के विजयपुर में नौ हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर अग्रिम कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को प्रेषित किया जा चुका है। बैठक में गोसाईपुर में प्रभावती कैटिल फीड इंडस्ट्रीज विंध्याचल की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने और अतिक्रमण हटवाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई। मे. शिवा ड्राईंग, ओडीओपी, सीएपसी निर्माण, मे. लक्ष्मी मेटल उद्योग पर विद्युत कनेक्शन, मे. आरिका इंटरप्राइजेज व विराट लैबिको के भुगतान दिलाने, औद्योगिक आस्थान पथरहिया में पोस्ट आफिस की स्थापना, साफ-सफाई, औद्योगिक आस्थान रामनगर सिकरी में उठाए गए समस्याओं के निस्तारण, चुनार में औद्योगिक आस्थान के उद्यमियों के द्वारा जर्जर मार्ग के मरम्मत, मे. शिवाला एग्रो इंडस्ट्रीज की समस्या के समाधान पर चर्चा हुई। बैठक में निवेश मित्र योजना, एकल मेज तथा उद्योग विभाग की सभी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने उद्यमी, व्यापारी सुरक्षा फोरम के तहत जिला स्तर पर समिति गठित करने का निर्देश दिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष शिव मुंदड़ा और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष शत्रुघ्न केसरी ने प्रतिष्ठानों पर जीएसटी के सर्वे, छापे और सत्यापन का कार्रवाई को गलत बताया। कहा कि फर्जी फर्मों का पंजीकरण करने वाले अधिकारियों को सरकार बर्खास्त करे और टैक्स देने वाले व्यापारियों का उत्पीड़न न किया जाय। औद्योगिक आस्थान पथरहिया के अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय औद्योगिक आस्थान में सफाई का मुद्दा उठाया है। कहा कि पूरे क्षेत्र में गंदगी फैली रहती है। बरसात के समय नालियों का पानी फैक्ट्रियों में घुस जाता है। बारिश से पहले समस्या का निस्तारण कराया जाए और पोस्ट आफिस को औद्योगिक आस्थान में शिप्ट कराया जाए। उद्यमी वीरेंद्र सिंह, आशीष सिंह ने बिजली और सड़क की समस्या उठाई। इन्वेस्टर्स डे की बैठक में जिलाधिकारी ने बताया शासन स्तर से ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के तहत एमओयू प्रस्तावों को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल करने के लिए समीक्षा की जा रही हैै। बैठक में एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, पीडी अनय मिश्र, जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम, ईओ अंगद गुप्ता, आईआईए अध्यक्ष मोहनदास अग्रवाल, अनिल कुमार सिंह, मुकेश साहू, राकेश बर्नवाल समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें