बरियाघाट स्थित कूड़ेदान में मिले नवजात को चौकी इंचार्ज आनंद कुमार सिंह की देख रेख में अफसरी बेगम
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बरियाघाट के पास कूड़े में सोमवार की सुबह चार बजे एक नवजात मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब उसके रोने की आवाज सुनी तो वासलीगंज चौकी प्रभारी आनंद कुमार सिंह को सूचना दी। चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंच कर बच्चे को वहां से निकलवाया और कंट्रोल रूम को जानकारी दिया।
चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किए जाने तक नवजात की देखभाल के लिए जब चौकी प्रभारी ने आस-पास की महिला को बुलाया तो कोई सामने नहीं आया। तभी एक मुस्लिम महिला अफसरी बेगम आई और नवजात को अपना आंचल दिया। अफसरी बेगम को कोई बच्चा नहीं है। उसने बच्चे के पालन-पोषण करने की लालसा जताई, पर चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्चे को नियमों के तहत चाइल्ड लाइन से ही लिया जा सकता है। कई और परिवार चौकी पर बच्चे के लालन पालन की जिम्मेदारी उठाने की लालसा लिए पहुंच गए। कंट्रोल रूम की सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम सुबह 10 बजे आई और बच्चे को लेकर महिला अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया। इस घटना को लेकर पूरे दिन चर्चा बनी रही।