सक्तेशगढ़। राजगढ़ क्षेत्र में बकहर नदी पर अंग्रेजों के जमाने में बने पुल के स्थान पर दो करोड़ 17 लाख रुपये से नए पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुराने पुल के स्थान पर अब 30 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े पुल का निर्माण होगा। मंगलवार से पुराने पुल को ध्वस्त करने का काम भी शुरू कर दिया गया।
बीते 23 फरवरी को विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने नए पुल के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था। लोक निर्माण खंड के सोनभद्र की प्रांतीय इकाई की तरफ से हिंदूवारी और मड़िहान के बीच लगभग 44 किमी की दूरी में पांच नए पुलों के निर्माण की योजना स्वीकृत है। इसके लिए राजगढ़ में पुराने पुल को तोड़ने का काम शुरू हो गया है। वाहनों की आवाजाही के लिए पुल के बगल से रास्ता बनाया गया है। इसमें कई भारी वाहन फंस जा रहे हैं। इससे यहां जाम की स्थिति पैदा हो जा रही है।