नगर के फतहां स्थित डीआईजी कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को मंडल के तीनों जनपदों के अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान डीआईजी शिवसागर सिंह ने मंडल में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए वांछित अपराधियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले सीओ, एसओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अलविदा नमाज, ईद त्योहार को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए पीस कमेटी की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों में पुराने विवादों को चेक करने, अवैध शस्त्र, गोला बारूद, मादक पदार्थों, अवैध शराब के व्यवसाय पर पूर्ण अंकुश लगाने, गुंडा अधिनियम, गैंगेस्टर और एनएसए में कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
डीआईजी ने अवैध शस्त्रों, मादक पदार्थों की बरामदगी, किराएदारों की चेकिंग, वाहन चेकिंग कर शमन शुल्क वसूला जाए। इसके अलावा, हिस्ट्रीशीट खोलने, गैंगों को पंजीकृत कराने, गैंगेस्टर एक्ट के अपराधियों की संपत्ति जब्त करने, लंबित पार पत्र, चरित्र सत्यापन, प्रारंभिक जांचों एवं विभागीय कार्रवाई, पेंशन प्रकरणों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों की समीक्षा की। संबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही एवं निस्तारण कराने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों, सीओ के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए।