मिर्जापुर। नेशनल पैथोलॉजी की ओर से अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में कैंसर की गलत जांच रिपोर्ट देने के मामले मेें डीएम के निर्देश पर सीएमओ की ओर से गठित समिति की जांच अभी अटकी है। टीम ने पीड़ित का बयान अभी तक दर्ज नहीं किया है। इसके बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मड़िहान थाना क्षेत्र के मलुआ गांव निवासी अधिवक्ता वीरेंद्र यादव का आरोप है कि 10 वर्षीय पुत्र हर्ष के पेट में दर्द था। मंडलीय अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने पर अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। 27 अप्रैल को अस्पताल के सामने नेशनल पैथालॉजी सेंटर में जांच कराने गए। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट कैंसर और पथरी बताया गया। इसके बाद शनिवार को रामबाग स्थित आदित्य पैथोलॉजी सेंटर में जब बच्चे का अल्ट्रासाउंड कराया तो सब सामान्य आया। वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि गलत रिपोर्ट देने के बाद संचालक ने उसे 50 हजार रुपये और शराब की बोतल देकर खरीदने का प्रयास किया। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डा. सीएल वर्मा ने जांच टीम गठित की। जांच टीम ने दाेनों सेंटरों से साक्ष्य और रिकार्ड एकत्र किया। मामले में पीड़ित ने डीएम व एसपी के यहां ज्ञापन दिया पर जांच टीम के सामने उसका बयान होना अभी बाकी है। सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा ने बताया कि जांच में कई तरह की बातें आई हैं। पीड़ित का बयान होना बाकी है। मंगलवार को पीड़ित वीरेंद्र को बुलाया गया है।