नारघाट स्थित शहीद उद्यान में स्थापित शहीद नरेश चंद्र श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते
- फोटो : Archive
मिर्जापुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला इकाई ने शहीद नरेश चंद्र श्रीवास्तव व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनका स्मरण किया। नारघाट के शहीद उद्यान में स्थापित नरेश चंद्र श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनसे प्रेरणा लेने की बात कही गई।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने अमर शहीद नरेश चंद्र श्रीवास्तव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। महासभा के संरक्षक केबी लाल ने कहा कि 16 वर्ष के अमर शहीद नरेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहाड़ी स्टेशन को फूंक दिया था, इसमें वह खुद भी झुलस गए थे और 18 अगस्त को शहीद हो गए थे। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष रत्नेश श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्वतंत्रता संग्राम के सबसे महान क्रांतिकारी ओजस्वी सेनानियों में से एक थे। उनका लोकप्रिय नारा था- ‘जय हिंद, दिल्ली चलो, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।’ अध्यक्षता रत्नेश श्रीवास्तव ने तथा संचालन सुजीत कुमार श्रीवास्तव ने किया। गोष्ठी में सतीश सिन्हा, कुलदीप श्रीवास्तव व अन्य ने अपने विचार रखे।