नंदनी यादव (राष्ट्रीय कबड्डी मे चयनीत खिलाड़ी)।-सोशल मीडिया।
अदलहाट। राष्ट्रीय सबजूनियर कबड्डी (बालिका) में मिर्जापुर की दो बेटियों का चयन हुआ है। राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान अयोध्या से कैंप के लिए जारी सूची में आकांक्षा और नंदनी यादव को शामिल किए जाने की जैसे ही सूचना मिली दोनों बेटियां खुशी से झूम उठी।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 35वीं सब जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता 19 से 23 जनवरी 2026 के बीच आंध्र प्रदेश के गुड़ीवाड़ा में आयोजित किया गया है। इसमें प्रतिभाग करने के लिए जिले के मॉडल इंटर कॉलेज रुदौली में कक्षा सात की छात्रा नंदनी यादव को चुना गया है। सीखड़ ब्लाॅक के मझवा तराशा गांव निवासी विनोद यादव की पुत्री नंदनी कोच रविश कुमार के संरक्षण में खेल की बारीकियां सीखी।
रेडिंग (रेड करना) हो या डिफेंस (बचाव करना) खेल के हर क्षेत्र में एक मजबूत पकड़ के साथ कबड्डी की ऑल राउंडर खिलाड़ी से अपनी पहचान बनाई है। खेल के दौरान जब भी टीम को बोनस की आवश्यकता होती नंदनी लाइन पार कर अपनी टीम के लिए बोनस प्वाइंट दिलाती है।
प्रदेशीय प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का विश्वास जीतने में कामयाब रही नंदनी दो बहन व एक भाई में दूसरे नंबर की है। उसके पिता प्लंबर मिस्त्री है। अपनी बेटी की कामयाबी पर उन्हें भी फक्र है। चुनार की बेटी की सफलता पर विधायक अनुराग सिंह ने बधाई दी है।
जिले की दूसरी खिलाड़ी आशीर्वाद इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा व कोन ब्लाक के भटेहरा चिल्ह निवासी आनंद प्रकाश की पुत्री आकांक्षा एक भाई एक बहन में बड़ी है। प्रदेशीय कबड्डी में प्रदेश में सर्वाधिक अंक अर्जित कर निर्णायकों के समक्ष अपनी एक मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की थी।