चुनार। थाना क्षेत्र के लालपुर में बुधवार को गमछे के फंदे के सहारे युवक का शव लटकता हुआ मिलने के मामले में बृहस्पतिवार की शाम दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों तथा मोहल्ले वालों ने लालपुर की महिला सुषमा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और हल्का दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब 20 मिनट तक सड़क जाम किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने महिला व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।
ऐबकपुर मोहाना निवासी अंबर (32) पुत्र घरबरन विश्वकर्मा का शव बुधवार की शाम लगभग चार बजे लालपुर गांव की महिला के घर में फंदे से लटकता मिला था। बुधवार की रात पोस्टमार्टम हाउस चुनार के पास परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद देर रात एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह, सीओ एके सिंह व प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा वहां पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच पड़ताल की। अधिकारियों ने रात में ही गांव के लोगों से भी बात करने के साथ ही फाॅरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच कर साक्ष्य एकत्र किया। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम हो जाने के बाद अहमदाबाद में सेना में कार्यरत अंबर के बड़े भाई चंचल विश्वकर्मा पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि परिजनों को सूचना दिए बगैर घटना स्थल से पुलिस शव ले गई, जबकि घटनास्थल से चुनार की दूरी मात्र आधे घंटे में तय की जा सकती थी। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस से हुई चूक को स्वीकार करते हुए बताया कि इस मामले में विभागीय कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद करीब डेढ़ घंटे तक परिजन आक्रोश व्यक्त करते रहे। सीओ अशोक सिंह द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिए जाने के परिजन माने। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि अंबर के भाई परितोष की तहरीर पर सुषमा तथा एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।