मिर्जापुर। घंटाघर स्थित नगर पालिका कार्यालय के सभागार में बुधवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा हुई। बैठक में विकास कार्यों के लिए नपाध्यक्ष को अधिकृत किया गया।
नपाध्यक्ष ने कहा कि 14 वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वर्ष 2019- 20 के लिए बुनियादी अनुदान की प्रथम किश्त की धनराशि लगभग सात करोड़ रुपये उपलब्ध कराई गई है। इस धनराशि से नगर क्षेत्र में आम जनता को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने व विकास कार्यों को गति पहुंचाने के लिए यह बैठक आहूत की गई है। उपस्थित सभासदों ने इससे संबंधित विकास कार्यों की सूची प्रस्तुत की है। सूची में से आवश्यक कार्यों का चयन कर 14 वें वित्त आयोग अवस्थापना निधि एवं अन्य निधि से प्राप्त व उपलब्ध धनराशि से कार्य कराया जाएगा। सभासदों ने इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष को अधिकृत किया।
इसके अतिरिक्त बैठक में अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई और प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पालिका की संपत्ति पर काबिज अवैध कब्जादारों को हटाया जाए। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जो भवन स्वामी अपने भवन का मलबा सड़क पर रखते हैं, उनसे व उनसे जो नल की टोटी खुली छोड़कर पानी की बर्बादी करते हैं अथवा निर्धारित समय के बाद सड़क पर कूड़ा फेंकते हैं, उनसे जुर्माना वसूला जाए। संचालन अधिशासी अधिकारी अवधेश यादव ने किया। इस बैठक में अधिकांश सभासद उपस्थित थे।