विंध्याचल में जेसीबी से अतिक्रमण हटाती जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम।
- फोटो : mirzapur
विंध्याचल में नगर पालिका की पटरियों और जमीनों पर काफी समय से अतिक्रमण किया गया है। गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद द्वारा अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों ने जिला प्रशासन की कार्रवाई का जमकर विरोध किया। हांलाकि पुलिस के जवानों के आगे उनकी एक नहीं चली और अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही बरतर स्टैंड के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटाया गया।
नवरात्र मेले में दूर-दूर से आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद मिर्जापुर और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चला कर विंध्याचल में अतिक्रमण हटवाया गया। एसडीएम अवधेश मिश्रा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा नगर पालिका प्रशासन की जमीनों पर अतिक्रमण और अवैध कब्जा किया गया है।
शुक्रवार को एसडीएम के नेतृत्व और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार की निगरानी में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। टीम द्वारा गोपीगंज बस स्टैंड, बरतर तिराहा, बंगाली चौराहा, बाउली चौराह, स्टेट बैंक चौराहा से लेकर रोडवेज परिसर तक अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले लोगों ने जमकर विरोध किया।
अतिक्रमण हटाने पहुंचे दस्ता में टीएस सुनील त्रिपाठी, कमलाकंात शुक्ला और विंध्याचल एसओ राम मोहन राय मय फोर्स शामिल रहे। जिला प्रशासन ने बरतर तिराहा स्थित नगर पालिका स्टैंड पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटवाया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को नहीं हटाया गया।
अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों का शोषण किया गया। बता दें कि नपा की काफी जमीनें, दूकानों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। इनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिन पर कार्रवाई से नपा बचती है।