ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के देवहट खरका टोला के सीवान में शनिवार की रात शिकारियों द्वारा बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। रविवार की सुबह जानकारी होने पर उसके परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना ड्रमंडगंज पुलिस को दी। पहुंची ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के देवहट खरका टोला निवासी रामलाल कोल (39) शनिवार की दोपहर में घर से कुछ दूर जंगल के किनारे खेत में स्थित पाही पर गया था। देर शाम वह घर लौट रहा था। रास्ते में एक खेत के पास बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। अंधेरा और सुनसान जगह होने के कारण रामलाल वहीं पड़ा रह गयसा। उसे किसी की मदद नहीं मिली। रविवार की सुबह ग्रामीण खेत की ओर गए तो देखा कि वह मृत अवस्था में पड़ा है। उसका पैर झुलस गया था। ग्रामीण ने गांव में आकर मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। उसके भाई लोकमनी कोल की सूचना पर चौकी प्रभारी ड्रमंडगंज योगेंद्र कुमार पांडेय व हलिया थाने के एसएसआई श्रीराम यादव मौके पर पहुंचे। हलिया थाना प्रभारी देवीवर शुक्ल ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज करने बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी का भी कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।