मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद के सभी 38 वार्डों में सोमवार को सुबह सभी सभासदों, वार्ड समितियों के सदस्य, नागरिकों, सफाई नायकों एवं कर्मचारियों ने जन जागरूकता रैली निकाली। लोगों को आसपास सफाई रखने के लिए संदेश दिया कि कूड़ा इधर उधर न फेंकें, डस्टबिन में ही डालें।
नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल के आह्वान पर यह जन जागरूकता रैली निकाली गई। यात्रा के द्वारा लोगों को हैंडबिल एवं वाद्य यंत्रों के माध्यम से कहा कि कूड़ा कचरा इधर- उधर ना फेंके, डस्टबिन में रखें। साथ ही सफाई कर्मचारी के आने पर कचरे को दे दें। आह्वान किया गया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन श्रमदान करें। जिससे उनका मोहल्ला स्वच्छ बन सके। लोगों से आग्रह किया गया कि कपड़े के बने झोलों का उपयोग करें। लोगों को खुले में शौच न करने की हिदायत दी गई। स्वच्छता से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए 18001800101 पर कॉल करके सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे के मध्य अपनी शिकायत दर्ज कराएं। जिसका निस्तारण 24 से 48 घंटे के बीच कराया जाएगा। गूगल प्ले स्टोर से स्वच्छता महुआ ऐप डाउनलोड करके अपने आस-पड़ोस की होने वाली गंदगी वीडियो अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं घर से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए व्हाट्सएप नंबर 6391034334 काल या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करें।
विंध्याचल। स्वच्छ सर्वेक्षण लीग 2020 के तहत स्वच्छता अभियान में मंगलवार को लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। टीम ने सफाई कर्मियों के साथ रैली निकाली। सभासद घटा त्रिपाठी ने लोगों को घर-घर जाकर पोस्टर और पैंफ्लेट के माध्यम से मोहल्लेवासियों को जागरूक किया।
उन्होंने लोगों को अपने घर, मकान व दुकान को साफ सुथरा रखने के साथ ही घरों के आसपास डस्टबिन रखने का अनुरोध किया। कहा अपने घर से निकलने सूखे तथा गीले कूड़े को अलग- अलग सूखे कचरे को नीले तथा गीले कचरे को हरे डस्टबिन में डालने की नसीहत दी। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक और थर्माकोल किसी भी दशा में प्रयोग न किए जाने की अपील की। इस दौरान भाजपा नेता मनोरथ द्विवेदी, शिवराम शर्मा, शशांक पांडेय, शिवांग त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद से सफाई नायब आशीष एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे।