विंध्याचल। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप विंध्य कारीडोर योजना के तहत जिन मकान मालिकों की भूमि, दुकान, मकान चिह्नित किया गया है उनको दो दिन की मोहलत आपत्ति दर्ज कराने के लिए दी गई थी। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल के निर्देश पर परिक्रमा पथ के बाद चार गलियों के कुल 202 भू स्वामियों को मूल्य दिखाने के लिए गुरुवार व शुक्रवार को भू स्वामियों को मूल्य दिखाया जाना है। इसके तहत गुरुवार को 10 बजे से शाम तीन बजे तक विंध्याचल स्टेट बैंक चौराहा स्थित प्रशासनिक भवन में तहसीलदार ओमप्रकाश पांडे एवं राजस्व कर्मियों द्वारा भवन स्वामियों को मूल्य दिखाया गया। मां विंध्यवासिनी मंदिर के समीप पक्का घाट गली, पुरानी वीआईपी, नई बीआईपी एवं कोतवाली गली के भू स्वामियों का मूल्यांकन कराया गया। चारों गलियों के कुल 202 भू स्वामियों में से 50 लोगों ने गुरुवार को अपनी संपत्ति का मूल्यांकन किया जिसके बाद बारह आपत्ति दर्ज कराई गई। तहसीलदार ओमप्रकाश पांडे ने बताया कि गुरुवार को लोग अपने संपत्ति का मूल्य देख रहे हैं। शुक्रवार को ज्यादा से ज्यादा आपत्ति आने की संभावना है। भवन स्वामी आकलन पश्चात सरकारी मूल्य से खासा नाराज दिखे। इस मूल्य पर समझौता न करने की बात भी कही गई। इस दौरान लेखपाल अरुण तिवारी, राजस्व विभाग एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।