मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा पहाड़ी पर स्टेयरिंग फेल होने से स्कूली वैन पलट गई। वैन पलटने से उसमें सवार 12 छात्र, दो अध्यापक और चालक घायल हो गए। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी व स्कूल वाले घायल बच्चों को उपचार के लिए मुहंकूचवा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आए। एक अध्यापक को अधिक चोट लगी होने के कारण मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिटी ब्लाक के हुरूआ स्थित सनबीन स्कूल के कक्षा सात और आठ के छात्र दो अध्यापक मनोरमा जोशी और आनंद शर्मा के साथ बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। स्कूली वैन देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा पहाड़ी पर पहुंची थी कि स्टेयरिंग फेल होने से वैन पलट गई। स्टेयरिंग पलटने से वैन में सवार बच्चों की चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बरकछा पुलिस सूचना दिया। लोगों ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। संयोग रहा कि वैन खाई में नहीं गिरी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। वैन पलटने से उसमें सवार 12 बच्चों को हल्की चोटें आई। मौके पर पहुंचे देहात कोतवाली अभय सिंह और बरकछा चौकी प्रभारी संतोष यादव ने घायल बच्चों को मुंहकूचवा स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाकर उपचार कराया। बच्चों के परिजन बच्चों को घर लेकर गए। अध्यापिका 30 वर्षीय मनोरमा जोशी पत्नी संजय जोशी निवासी बुंदेलखंडी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे अध्यापक 24 वर्षीय आनंद शर्मा पुत्र राजकुमार कुमार शर्मा निवासी खजुरी और चालक 32 वर्षीय आशीष निवासी आमघाट बाल-बाल बच गए।