मिर्जापुर। ठंड के मौसम में घने कोहरे के चलते आम जनजीवन के साथ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा। कोहरे के चलते मंगलवार को महानंदा एक्सप्रेस व चोपन-चुनार एक्सप्रेस रद रही। चोपन-चुनार एक्सप्रेस सिर्फ विंध्याचल तक ही चली। वहीं, दिल्ली रूट की गाड़ियां चार से पांच घंटे लेट रहीं।
महानंदा एक्सप्रेस अप में सुबह सात बजे और डाउन में साढ़े सात बजे मिर्जापुर स्टेशन पर पहुंचती है। कोहरे के चलते ही दिल्ली से अलीपुर द्वार चलने वाली महानंदा एक्सप्रेस अप (15483) और डाउन (15484) मंगलवार को रद्द रही। इससे ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों को फजीहत हुई। चोपन-चुनार पैसेंजर जो प्रयागराज जाती है। कोहरे के चलते ट्रेन प्रयागराज नहीं गई। विंध्याचल रेलवे स्टेशन तक ही गई। डाउन में विंध्याचल से ही चोपन गई। इससे प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस को छिवकी से झांसी रूट पर डायवर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा दिल्ली रूट पर चलने वाली अधिकांश ट्रेने चार से पांच घंटा लेट रही। दिल्ली रूट की ट्रेनों में मगध, पुरुषोत्तम, जोधपुर हावड़ा, नंदन कानन, सीमांचल आदि लेट रही। ट्रेेनों के लेट होने से यात्री रेलवे स्टेशन पर ठिठुरते समय बिताते रहे।