मिर्जापुर। नागरिकता संशोधन कानून लागू किए जाने के बाद से देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बवाल के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू होने के साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिले को जोन और सेक्टर में बांट कर सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद कर दिया गया। इसके अलावा क्यूआरटी, पीएसी और पीआरवी को चक्रमण करने के लिए लगाया गया है। रात में गश्त करने का निर्देश दिया गया है।
एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि नागरिकता संशोधन बिल को लेकर प्रदेश के अन्य जिलों में कुछ लोग छात्रों को बरगलाकर कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। जिले में ऐसा करने वालों के लिए सख्त चेतावनी है कि अगर काई धारा 144 का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले को दो सुपर जोन, 5 जोन, 15 सेेक्टर, 44 सब सेक्टर में बांटा गया है। सेक्टर की सुरक्षा चौकी प्रभारी, सेक्टर के प्रभारी थानाध्यक्ष, पांच जोन की निगरानी सीओ और सुपर जोन की निगरानी एएसपी करेंगे। इसके अलावा क्यूआरटी, पीआरवी की टीमों को संवेदनशील इलाकों में लगाया गया है। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को रात में सजग रहकर गश्त करने का निर्देश दिया गया है। डीएम की ओर से जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट लगाए गए है।
नागरिकता संशोधन बिल को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और दुष्प्रचार कर माहौल खराब करने वालों पर भी पुलिस की नजर है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि सर्विलांस और सोशल मीडिया सेल ह्रवाट्सऐप, फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम आदि अन्य साइटों पर नजर रखे हुए है। उकसाने और विवादित पोस्ट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल व पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से संवेदनशील इलाकों में गश्त की गई। अधिकारियों के साथ क्यूआरटी, पीएसी व थानों की पुलिस रही। रूट मार्च का प्रारंभ थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के मुकेरी बाजार से हुआ, जो शहर के भीड़भाड़ इलाके से होते हुए गुरहट्टी, पान दरीबा, बूढे़नाथ, टेढ़ीनीम, नारघाट चौराहा बल्ली का अड्डा, इमामबाड़ा से वापस लालडिग्गी, गणेशगंज तिराहा पर समाप्त हुई। इस दौरान जनता से शांतिपूर्ण वातावरण व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। रूट मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, कटरा कोतवाल रमेश यादव, शहर कोतवाल हरिश्चंद्र सरोज, महिला थाना प्रभारी सीमा सिंह, पीआरओ मनोज ठाकुर आदि रहे। हलिया, नागरिकता संशोधन अधिनियम के संबंध में शांति वकानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक देवीवर शुक्ल व नायब तहसीलदार प्रभु नाथ यादव ने हलिया बाजार में रुट मार्च किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने गौसिया मस्जिद पर बैठक कर बाजार वासियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जगह जगह विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने बाजार वासियों से किसी तरह से प्रदर्शन आदि नहीं करने की अपील की। इस दौरान मस्जिद के इमाम हाफिज जाकिर, वाहिद पठान, रशीद खां, मुहइद्दीन आदि मौजूद रहे।
एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय के नेतृत्व में डाग स्क्वाड और फोर्स के साथ कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि न्यायालय की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम मे आज चेकिंग की गयी है। इस दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक बात प्रकाश में नही आई। चेकिंग के दौरान कचहरी परिसर में अवैध अतिक्रमण करने वालो को भी हटाया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, थाना प्रभारी कोतवाली कटरा रमेश यादव, थाना प्रभारी कोतवाली शहर, थाना प्रभारी कोतवाली देहात अभय सिंह, महिला थाना प्रभारी सीमा सिंह आदि रहे।