मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल पर चिमनी के पास विंध्याचल दर्शन करने जा रहे बाइक सवार युवक को डंपर ने टक्कर मार दिया। इसमें बाइक चला रहे युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को मंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया और दूसरे की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। तीसरे घायल को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डंपर चील्ह पुलिस ने सीज कर दिया।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के उदयकरनपुर गांव निवासी जितेेंद्र शुक्ला (40) अपने साथी विनोद कुमार दुबे (45) निवासी मेघीपुर औराई व झोरु (35) निवासी दिघवर औराई के साथ मंगलवार की सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के लिए जा रहा था। वह कटरा कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल के आगे चिमनी के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही डंफर ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससेे बाइक सवार तीनों घायल हो गए। डंफर चालक मौका पाकर भागा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने जितेंद्र उर्फ कलक्टर शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। विनोद कुमार दुबे की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायल झोरू को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। चील्ह पुलिस ने डंफर को पकड़ कर थाने में खड़ा कराया है।