मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के झिंगुरा पहाड़ी रेलवे स्टेशन से आगे रेलवे पटरी पर सोमवार की सुबह हाथ पैर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के दसौधी नएपुरवा गांव निवासी सुनील कुमार बिंद (25) दर्जी था। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव को पटरी से हटवाया। सूचना पर पहुंचे परिवारीजन ने हत्या कर शव को रेलवे पटरी पर फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए देहात, पड़री और स्वाट टीम को लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पथरा दसौधी नएपुरवा गांव निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार बिंद की खड़ेसर गांव में कपड़ा सिलाई की दुकान है। रविवार की रात उसके मोबाइल पर एक फोन आया। इसके बाद वह अपनी मां को बीरशाहपुर गांव में एक लड़की का सूट देने की जानकारी देकर बाइक लेकर निकला। इसके बाद घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव झिंगुरा रेलवे स्टेशन के पास मिला। युवक का दोनों पैर और बांया हाथ धड़ से अलग था। उसके सिर पर टंगारी से से प्रहार के निशान थे, आंख बाहर निकल आई थी। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त कर परिवारीजन और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। युवक की मां सतनी देवी ने बताया कि सुनील रात में बीरशाहपुर की एक लड़की को सिला हुआ सूट देने के लिए निकला था। पता चला कि उसका शव झिंगुरा रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर मिला है। आरोप लगाया कि लड़की के घरवालों ने पुत्र की हत्या कर शव को रेलवे पटरी पर फेंका है। युवक की बाइक और मोबाइल लड़की के घर के पास से मिला है। उसके घर पर खून भी गिरा मिला है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।