चुनार। अनाज वितरण में अनियमितता के चलते आपूर्ति निरीक्षक ने दो कोटेदारों के खिलाफ अहरौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई अनाज वितरण के दौरान अनियमितता बरते जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद की गई।
आपूर्ति निरीक्षक ने तहसील क्षेत्र के जसवां व दादों के कोटेदार के विरुद्ध शुक्रवार की देर शाम अहरौरा थाना में मुकदमा दर्ज कराया। ग्रामीणों ने दोनों के खिलाफ घटतौली, कालाबाजारी, समय से वितरण न करने, निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि लेने के साथ ही उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश आपूर्ति विभाग को दिया था। इसपर आपूर्ति निरीक्षक काशीनाथ यादव ने मामले की जांच पड़ताल की तो लगाए गए आरोप सही पाए गए। आपूर्ति निरीक्षक ने इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की। आपूर्ति निरीक्षक काशीनाथ यादव ने बताया कि दुकान निलंबन की कार्रवाई करते हुए नजदीक के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से कार्डधारकों को सम्बद्ध किया जाएगा। जिससे सुलभ तरीके से उन्हें अनाज मिल सके।