मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में बीते दिनों जमीन के विवाद में छोटे भाई के हमले में घायल बड़े भाई की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
चार नवंबर को क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी वंश नारायण गोंड के छोटे भाई ने जमीन के विवाद में कुल्हाड़ी से उसपर हमला कर दिया था। हमले में वंश नारायण (45) उसकी पत्नी सुशीला गोंड (40) व बेटी अर्पिता (18) घायल हो गए थे। हालत गम्भीर होने पर वंश नारायण को ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार की दोपहर में उनकी मौत हो गई। मौत होने पर परिजन शव लेकर एसपी आवास पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। बुधवार को पुलिस ने छोटे भाई संतोष के खिलाफ गैर इरादत हत्या का मुकदमा दर्ज किया। देहात कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।