मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के पीएसी गेट के पास बुधवार की सुबह साइकिल सवार छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने छात्रा की शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्र के बरौधा निवासी कृपाशंकर पाल की पुत्री सुनीता पाल (17) गणेशगंज स्थित आदर्शं इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थी। वह दो भाई दो बहनों में सबसे छोटी थी। प्रतिदिन सुबह छह बजे से वह सबरी स्थित एक कोचिंग में पढ़ने साइकिल से जाती थी। बुधवार की सुबह भी वह साइकिल से कोचिंग जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने साइकिल में टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगिरों ने छात्रा की शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंचे एसएसआई चंद्रशेखर यादव ने छात्रा के शव को पहिए के नीचे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।