मिर्जापुर। डीएम सुशील कुमार पटेल ने गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे सिटी विकास खंड के अर्जुनपुर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। एमडीएम तैयार था लेकिन उस समय तक खिलाया नहीं गया था। इस पर डीएम ने तत्काल बच्चों को खाना खिलाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में दाल की गुणवत्ता ठीक न पाए जाने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई। सभी कक्षाओं को मिलाकर कुल 181 छात्रों का नामांकन किया गया है, जिसमें 90 छात्र उपस्थित पाये गये। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा कक्षा चार व तीन के छात्रों से पठन-पाठन के बारे में जानकारी ली गयी। इसमें दो छात्र ही सवालों का जवाब दे सके। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित सहायक अध्यापक को पठन-पाठन की गुणवत्ता को ठीक करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा किचेन में जाकर बन रहे खाना को देखा गया तथा किचन में रखे गये तेल, मसाला, नमक आदि सामानों का भी निरीक्षण किया गया।