मिर्जापुर। नमामि गंगे अभियान केे तहत आयोजित गंगा सम्मान-भागीरथ सम्मान कार्यक्रम बुधवार को स्थानीय पक्काघाट में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड से चलकर गंगासागर (पश्चिम बंगाल) तक जाने वाली गंगा यात्रा के 18 सदस्यीय दल का स्वागत किया गया। इस दौरान नमामि गंगे पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। स्कूली बच्चों ने कथक, लोकगीत, नृत्य आदि की भावपूर्ण पेशकश की। 18 सदस्यीय गंगा दल के साथ ही प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर पटेल व विधायक मझवां सुचिश्मिता मौर्य का जिलाधिकारी अनुराग पटेल, मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश चौधरी ने स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि गंगा देश व जीवन के लिए बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से पश्चिम बंगाल तक फैली गंगा नदी के संरक्षण की आवश्यकता है। राज्यमंत्री ने संकल्प दिलाया कि गंगा में नालियों का पानी, प्लास्टिक, कचरा न फेंके। विधायक मझवां ने भी गंगा के संरक्षण व उसके महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि इसका उद्देश्य है कि गंगा के संरक्षण के लिये लोग जागरूक हों। इस अवसर पर लोकगायक विद्यासागर प्रेमी, कजली गायिका अजीता व बच्चों द्वारा गीत के माध्यम से गंगा संरक्षण का संदेश दिया गया। मनीष शर्मा ने कथक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, अपर मुख्य अधिकारी विंध्याचल सिंह कुशवाहा, जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, कोआर्डिंनेटर विनोद श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति, जिला पूर्ति अधिकारी एमेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी एएनमिश्र आदि उपस्थित रहे।