संतनगर थाना क्षेत्र के कोलकम गांव के पास हादसे में मृत सद्दाम। स्रेत- सोशल मडियाा
पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के कोलकम गांव के पास लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग पर सोमवार रात गाय से टकराकर बाइक सवार सद्दाम (35) की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के अमोई पुरवा गांव के कचरिया मौजा निवासी सज्जाक ने बताया कि सद्दाम सोमवार रात 10 बजे कोलकम चौराहे पर गया था।
वापस लौटते समय घर से करीब आधा किलोमीटर पहले अंगनू के घर के पास सड़क पर अचानक गाय आ गई।
बाइक गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सद्दाम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश में निकले। कुछ दूरी पर चलने पर सद्दम सड़क पर लहूलुहान मिला।
परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सद्दाम छह भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। पिता सज्जाक, माता चंतारा और पत्नी सहनाज का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में युवक की मौत की जानकारी मिली है।
स्थानीय ग्रामीण छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं। अचानक आने से हादसे होते हैं।