जिलेे के पूजन पंडालों में मां दुर्गा की भव्य मूर्तियों को स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर के श्रीहरिसभा में पश्चिम बंगाल के कारीगर देवी मां की मूर्तियां तैयार करने में जुटे हुए हैं। उनके पास 15 से 50 हजार रुपये तक की प्रतिमाओं को बनाने के आर्डर हैं। गंगा में मूर्तियों के विसर्जन पर प्रतिबंध लगने से कारीगरों के पास आर्डर कुछ कम मिले हैं, लेकिन पूजनोत्सव के मद्देनजर लोगों का उत्साह चरम पर है।
मां दुर्गा पूजनोत्सव के तहत पूजन कमेटी के पदाधिकारी पंडालों को भव्यता देने की रणनीति बनाने में जुटे हैं, वहीं मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार नगरीय इलाकों सहित जनपद के ग्रामीण अंचलों में 398 मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित होंगी, जिसको लेकर विभिन्न पूजन कमेटियों की तरफ से तैयारियां भी आरंभ हो चुकी हैं। पश्चिम बंगाल के मूर्ति कारीगर तपन पाल के मुताबिक इस वर्ष मूर्तियों पर 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन उसका कोई खास असर नहीं है। उधर, पूजन कमेटियों के पदाधिकारियों का मानना है कि मां दुर्गा पूजनोत्सव को भव्यता प्रदान करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ा जाएगा। नगर के श्रीहरिसभा में 50 सेट मां दुर्गा की प्रतिमाओं को बनाने में पश्चिम बंगाल से तपन पाल के नेतृत्व में 16 कारीगरों की टीम जुटी है।