उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की माता रामा देवी का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे 97 साल की थीं। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं। जमालपुर क्षेत्र के ओडी गांव निवासी कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की माता के निधन के बाद घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने लोग पहुंच रहे हैं। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह मिर्जापुर स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे। वहां से अपनी माता के अंतिम संस्कार के लिए मणिकर्णिका घाट पहुंचे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया और स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बात कर सांत्वना व्यक्त की।
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर अपनी मां के साथ फोटो पोस्ट की और कैप्शन में लिखा- अंधकार में भी अपने विचारों और स्नेह से मेरा जीवन असीम रौशनी से भर देने वाली, मेरी दुनिया, मेरी पूज्य माताजी ने आज हम सब को छोड़कर इस संसार से विदा ली है। मैं उनके चरणों में नमन करता हूं… ॐ शांति!
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके लिखा- उ.प्र. सरकार में मेरे सहयोगी श्री स्वतंत्र देव सिंह जी की पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!
सतीश महाना ने जताया शोक
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मां रामा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। महाना ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार
प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की माता रामादेवी (97) का अंतिम संस्कार बुधवार को मणिकर्णिका घाट पर किया गया। बड़े बेटे श्रीपति सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। दूसरी तरफ, जलशक्ति मंत्री की मां के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है।
जलशक्ति मंत्री का पैतृक गांव मिर्जापुर के ओडी जमालपुर में है। बुधवार की सुबह उनकी माता का निधन हो गया। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर विधि विधान से किया गया। रामादेवी अपने पीछे तीन बेटे व दो बेटियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। अंतिम संस्कार के दौरान भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, राज्यंत्री डा. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित पार्टी के नेता मौजूद रहे।