गोपीगंज। कोतवाली के गिराई के पास बुधवार को सड़क पार कर रही चार साल की बेटी गुड़िया उर्फ बेबी को बचाने में मां हिना ने जान गंवा दी।
विज्ञापन
32 वर्षीय चूड़िहार मोहाल निवासी हिना ने सड़क पर दौड़ी बेटी को अचानक वाहन आने पर धक्का देकर आगे गिरा दिया और खुद वाहन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल मां हिना की मौत हो गई।
गोपीगंज नगर के चूड़िहार मोहाल निवासी दानिश की बाजार में ही एक चूड़ी की दुकान है। बुधवार को पत्नी हिना (32) सास मुन्नी और चार साल की बेटी गुड़िया उर्फ बेबी को लेकर गिराई पावर हाउस के पास स्थित क्लीनिक पर दवा लेने गई थी।
घटना की प्रत्यक्षदर्शी हिना की सास मुन्नी देवी ने बताया कि गिराई पावर हाउस के पास ऑटो से उतरने के बाद सभी लोग सड़क पार करने जा रहे थे। इस बीच अचानक पोती गुड़िया सड़क पर भागी। इस बीच एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन उधर से निकल रहा था। बेटी को बचाने के लिए दौड़ी हिना ने बेटी को तो धकेल दिया, लेकिन खुद चार पहिया की चपेट में आ गई।