मिर्जापुर। बेसिक शिक्षा एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने नगर के सिटी क्लब में आयोजित समारोह के दौरान शनिवार को 771 प्रशिक्षु शिक्षकाें को नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रदेश में टीईटी 2011 के आधार पर 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की तैनाती के तहत जिले के 771 अभ्यर्थी राज्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खुशी से झूम उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि जनपद में 1292 चयनित अभ्यर्थियों के सापेक्ष 771 प्रशिक्षु शिक्षकाें को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है, शेष को भी कार्रवाई पूर्ण होते ही नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि चार वर्षों से अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार द्वारा सतत् प्रयास किया जा रहा है। तमाम बाधाए पैदा होने के बावजूद सरकार ने सभी को पार करते हुए इसपर आखिरकार सफलता पा ली।
उन्हाेंने कहा कि बसंत पंचमी के दिन शिक्षा के मंदिर में जाकर बच्चों को शिक्षित करने के लिए नए अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद सभी लोगों की जिम्मेदारी बढ़ गई है, सभी शिक्षक अपने स्कूलों में जाएं और तत्परता, लगन तथा ईमानदारी से बच्चों को शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि अध्यापकों का दायित्व है कि जिस दिशा में शिक्षा प्रदान करेंगे, बच्चे उसी सांचे में ढल कर निकलेंगे और आगे चलकर देश के विकास में किसी न किसी पद पर आसीन होकर कार्य करेंगे।
प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने राज्यमंत्री का स्वागत करते हुए नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निर्वहन करने की सलाह दी। संयुक्त शिक्षा निदेशक शिव प्रकाश द्विवेदी ने सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्रनाथ सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर राज्य मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी किरनबाला सिंह, संजय यादव, मनोज यादव, अतुलदत्त तिवारी, जिला समन्वयक अजय श्रीवास्तव, रवींद्र मिश्रा, भूपनाथ द्विवेदी, केशराज सिंह अन्य अधिकारीगण, संजय चौरसिया, जवाहर मौर्य, गुलाब चंद्र यादव, इंद्रजीत पांडेय सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।