विंध्याचल। महाकुंभ के पलट प्रवाह के कारण विंध्य धाम में आस्थावानों का सैलाब उमड़ रहा है। शनिवार को जया एकादशी होने के कारण नवरात्र से भी ज्यादा श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। गंगा घाटों से लेकर गलियों और सड़कों पर रेला उमड़ पड़ा। आठ लाख से ज्यादा भक्तों ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए।
विंध्याचल में श्रद्धालुओं की भीड़ का सिलसिला बरकरार है। शनिवार को भोर में मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन शुरू हुआ तो रात तक चलता रहा। जाम से जूझने के बावजूद लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। मां विंध्यवासिनी देवी के शृंगार का दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को आठ लाख से ज्यादा भक्तों ने मां का दर्शन-पूजन किया। बड़ी संख्या में लोगों परिक्रमा पथ की छत पर अपने बच्चों का मुंडन और जनेऊ संस्कार कराया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद भक्तों ने त्रिकोण परिक्रमा कर पुण्य के भागी बने।