मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में अभी भी बुखार और डेंगू के लक्षण वाले काफी संख्या में पीड़ित पहुंच रहे हैं। अभी भी एक दिन में अस्पताल में 300 के करीब मरीज आ रहे हैं। इसमें जांच के बाद लोग डेंगू पाजिटिव भी हो चुके है। अस्पताल में बना डेंगू वार्ड अभी भी फुल चल रहा है।
पिछले दो माह से बुखार, टायफाइड और डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू का वार्ड बनने के बाद से फुल चल रहा है। हाल यह है कि मरीज बढ़ने पर उनको अन्य वार्डों में भी भर्ती किया जा रहा है। इस समय अस्पताल में डेंगू के 67 मरीज भर्ती हैं। सुबह आठ बजे अस्पताल में ओपीडी शुरू होने के बाद लगभग 200 से अधिक मरीज बुखार, डेंगू के लक्षण वाले मरीज आ रहे हैं। दो बजे के बाद इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। इमरजेंसी में दो बजे के बाद से रात भर में 100 के करीब मरीज बुखार के लक्षण वाले आ रहे हैं। एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह ने बताया कि अस्पताल में इस समय 300 के करीब बुखार वाले मरीज आ रहे हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है। डेंगू वार्ड अभी फुल चल रहा है।