चील्ह। मिर्जापुर-औराई मार्ग पर स्थित सागरपुर गांव के पास कार की चपेट में आने से मोपेड सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर भेजवाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली के शाहपुर चौसा निवासी बबलू (37) मोपेड से अपनी बहन के घर उगापुर गए थे। शनिवार को सुबह करीब 10 बजे घर लौटते समय रास्ते में चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव के पास औराई की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने मोपेड में टक्कर मार दी। इस हादसे में बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लाेगों ने एंबुलेंस से उन्हें ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर भेजवाया। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। चील्ह थानाध्यक्ष रीता यादव ने बताया कि कार की टक्कर से मोपेड सवार की मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।