मिर्जापुर। जिले की सभी चार तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर लोगों की समस्याओं की सुनवाई हुई। इस दौरान 527 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर 26 का निपटारा हो पाया। लालगंज तहसील में लोगों की समस्याएं सुन रहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से किसानों ने पानी के अभाव में धान की नर्सरी नहीं डाल पाने की शिकायत की। उनका कहना था कि नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से वे नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं। किसानों ने नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंचने की भी शिकायत की।
सदर तहसील में कुल 83 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर सिर्फ तीन का निपटारा हो पाया। इस दौरान जमीन की पैमाइश, बिजली, पानी, चकरोड आदि से संबंधित शिकायतें आईं। जिलाधिकारी ने लालगंज तहसील में लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 265 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर 19 का निपटारा हो पाया। बसकोप गांव निवासी सुरेंद्रनाथ ने प्रार्थना पत्र देकर आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उसने बताया कि गृहस्थी के सारे सामान आग से जल गए हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आवास योजना का लाभ देने के लिए बीडीओ को निर्देश दिया। दुबार कला निवासी धीरेंद्र सिंह ने गांव के प्रधान पर आरोप लगाया की नाली, चक रोड आदि कार्य प्रधान द्वारा नहीं कराए गए हैं। भर्रौह गांव निवासी लल्लाराम पांडेय ने प्रार्थना पत्र देकर जमीन की पैमाइश की मांग की। नदौली गांव निवासी रामेश्वर प्रसाद मिश्र ने नहर में टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की। उन्होंने बताया कि नहर जगह-जगह नहर कटी हुई है। इससे पानी टेल पर नहीं पहुंच पा रहा है और धान की नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं। बबुरा गांव निवासी रामकली ने सीडीओ को विशाल कुमार को प्रार्थना पत्र देखकर शिकायत की कि वन विभाग और पट्टे की जमीन के विवाद के चलते हैंडपंप नहीं लग पा रहा है। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि भटवारी गांव में शहर सेवा केंद्र का निर्माण कुछ लोगों ने रोक दिया है। इस पर सीडीओ ने लेखपाल, कानूनगो को मौके पर पुलिस फोर्स के साथ जाकर शिकायत का निपटारा कराने का निर्देश दिया।
मड़िहान तहसील में डीआईजी आरपी ने मड़िहान में लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान 70 शिकायतें आईं। मौके पर तीन का निपटारा हो पाया। सदर कोतवाली के शुक्लहा निवासी प्रदीप कुमार सोनकर की मड़िहान तहसील क्षेत्र के पटेहरा गांव में जमीन है। सीमांकन आदेश के बावजूद पत्थर नहीं लगाया जा रहा है। सुगापाख गांव निवासी अमरनाथ सिंह ने लेखपाल पर पैसा लेकर काम नहीं करने का आरोप लगाया। चुनार तहसील एडीएम सत्यप्रकाश सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 109 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर मात्र एक का निपटारा हो पाया। सराय टेकौर निवासी प्यारेलाल ने प्रार्थना पत्र देकर एक दरोगा पर दुकान नहीं हटाने पर जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया।