चुनार। विकास खंड नरायनपुर अंतर्गत जलालपुर माफी गांव के मनरेगा श्रमिकों ने गांव के कोटेदार पर खाद्यान्न न देने का आरोप लगाया है। महिला श्रमिकों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग किया है।
गांव की महिला मनरेगा श्रमिक सविता देवी, पांचों देवी, लक्ष्मीना देवी, निर्मला, महराजी देवी, झल्लों मतिया आदि ने आरोप लगाया है कि कोटेदार बृजेश कुमार ने श्रमिकों का जाबकार्ड अपने पास रख लिया और यह कहकर खाद्यान्न नहीं दे रहे हैं कि इस बार विभाग द्वारा सूची नही दी गयी है। जबकि उक्त कोटेदार द्वारा अप्रैल माह का खाद्यान्न दिया गया था। लेकिन इस बार देने में हीला हवाली की जा रही है। गांव की प्रधान उर्मिला देवी ने बताया कि गांव में इन दिनों दो स्थानों पर मनरेगा के तहत भूमि समतलीकरण का कार्य चल रहा है। जिसमें इन श्रमिकों द्वारा कार्य किया जा रहा हैं। कोटेदार द्वारा खाद्यान्न नही दिये जाने की शिकायत आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की गई। आपूर्ति निरीक्षक रवींद्र यादव से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कोटेदार को सूची दी गयी है। शिकायत की जांच की जाएगी और यदि मामला सही पाया गया तो कोटेदार के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी ।