मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के मझगवां गांव से पांच दिन पहले लापता किशोर का शव शुक्रवार की शाम को लंका पहड़ी चंदईपुर स्थित एक पानी की टंकी में उतराया मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। कुछ देर बाद पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। क्षेत्र के मझिगवां निवासी दीनानाथ मौर्या का 14 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार मौर्या सात जनवरी को पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजनों ने खोजबीन करने के बाद आठ जनवरी को थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार की शाम को घर से आधा किमी दूर लंका पहड़ी चंदईपुर के पास बनी पनी की टंकी में उसका शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीनानाथ को दो पुत्र और तीन पुत्री रही। इसमें बड़े पुत्र की पहले ही सांप के डसने से मौत हो गई थी। छोटे पुत्र की भी डूब कर मौत हो गई। तीन पुत्रियों में एक की शादी हुई है। देहात कोतवाल राणा प्रताप ने बताया कि सात जनवरी को लापता किशोर का शव पानी की टंकी में उतराया मिला है।