जिगना। थाना क्षेत्र के गोसीपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह डेरा पर मृत अवस्था में मिली वृद्धा मामले में पोष्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दिया था। मौत हो लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। गोसीपुर गांव निवासिनी जड़ावती देवी (77) पत्नी बेचन बुधवार को शाम खाना खाने बाद घर से 200 सौ मीटर दूर डेरा पर प्रतिदिन की भांति सोने चली गई थी। जब बृहस्पतिवार को सुबह जब घर नहीं आई तो परिजन डेरा पर गए तो वहां पर वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पड़ी थी। दरवाजे पर खून गिरा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। बिसरा सुरक्षित रख दिया गया है। क्षेत्र में वृद्धा की मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। मृतका के पुत्र लालचंद ने अपनी माता की हत्या होने की आशंका जताते हुए कहा था कि उसकी मां किसी रोग से ग्रसित नहीं थी। नाक, मुंह से खुन निकल रहा था। जमीन पर खून गिरा था और खून से सना डंडा भी मिला। इसके बाद भी पुलिस हत्या नहीं मान रही है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज ने बताया कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने की बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। मामले की जांच की जा रही है।