चुनार-वाराणसी राजमार्ग पर नकहरा गांव के पास हाईवे किनारे स्थापित डा. भीमराव अंबेडकर की क्षतिग्र
चुनार। चुनार-वाराणसी राजमार्ग पर नकहरा गांव के पास हाईवे किनारे स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
रविवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे प्रतिमा की अंगुली टूटी मिलने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और दलित समाज के लोग जुट गए। सूचना पर कोतवाल दलबल के साथ पहुंचे और समझाने का प्रयास किया लेकिन मौजूद लोग नहीं माने। एसडीएम को बुलाने और तत्काल नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा पहुंचे और लोगों को शांत कराया और तत्काल नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराने के निर्देश दिया।
इसके बाद प्रशासन ने नई प्रतिमा मंगवाने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर बसपा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी माता पटेल, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और नई प्रतिमा लगवाने, अराजक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई व स्थल की स्थायी सुरक्षा की मांग प्रशासन से की।
एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि नई प्रतिमा स्थापित कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही प्रतिमा स्थापित करा दी जाएगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे से सटी मूल्यवान भूमि पर कब्जे की मंशा से कुछ लोग सुनियोजित तरीके से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर उसे वहां से हटवाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस पर एसडीएम ने हल्का लेखपाल से भूमि की स्थिति की जानकारी ली। लेखपाल ने बताया कि यह जुमला नंबर की भूमि है। इस जमीन पर दावा करने वाले लोगों को फोरलेन हाईवे निर्माण के दौरान पहले ही मुआवजा मिल चुका है।