विंध्याचल। नेपाल से विंध्याचल दर्शन करने आए समूह में शामिल महिला दर्शनार्थी की गुरुवार की रात क्षेत्र के रेहड़ा चुंगी का रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौत के बाद नेपाल से आया एक दल रवाना हो गया, दूसरा दल शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर वापस लौटा। रेल अंडरब्रिज के रास्ते में पानी भरा होने की वजह से श्रद्धालु रेल ट्रैक पार कर रहे थे कि तभी ट्रेन आ गई।
नेपाल के कंचनपुर जिले के गुलरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव से दो बस से सैकडों दर्शनार्थियों का जत्था सात जनवरी को विभिन्न मंदिरों का दर्शन करने निकला था। दोनों बसों में 55 के लगभग दर्शनार्थी सवार थे। दर्शनार्थियों का जत्था प्रयागराज संगम में स्नान कर चित्रकूट के मंदिरों में दर्शन पूहन करने के बाद गुरुवार को विंध्याचल पहुंचा था। गुरुवार की रात में अमरावती चौराहा स्थित वाहन स्टैंड में बस खड़ी करने के बाद बस सवार सभी सदस्य मां विंध्यवासिनी माता के दर्शन पूजन करने के लिए गए थे। लौटते समय विंध्याचल थाना क्षेत्र के रेहड़ा चुंगी पुल में पानी जमा होने के कारण सभी लोग रेलवे ट्रैक पार कर जा रहे थे। इसी दौरान डाउन लाइन पर प्रयागराज की ओर से गुजर रही संघमित्रा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 74 वर्षीय छत्तर पत्नी धन बहादुर राणा की मौत हो गई।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी चौकी प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद एक बस पर सवार दशनार्थी शुक्रवार की सुबह रवाना हो गए। दूसरे बस सवार दशनार्थी पोस्टमार्टम के लिए रुक गए। बताया कि राम का घाट पर अंतिम संस्कार करने के बाद सभी नेपाल के लिए रवाना होंगे।