मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के विसुंदरपुर कांशीराम आवास के पास गुरुवार की देर रात को कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित टेंपो पलट गया। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना देकर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजवाया। जहां उपचार के दौरान देर रात चालक की मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोईयां गांव निवासी 50 वर्षीय रमेश चंद्र कचहरी से भटौली रोड पर टेंपो चलाता था। गुरुवार की रात को वह अपनी टेपो लेकर घर जा रहे थे। रास्ते में शहर कोतवाली क्षेत्र के विसुंदरपुर स्थित कांशीराम आवास के पास कुत्ते को बचाने में टेंपो पलट गया। टेंपो पलटने पर स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया। परिजनों और पुलिस को भी जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायल चालक को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चालक को भर्ती कर दिया गया। इलाज के दौरान दो घंटे बाद चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। आपे चालक को तीन पुत्र और एक पुत्री है। पुत्री की शादी हो चुकी है। परिवार की जिम्मेदारी चालक के ऊपर थी। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।