मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव में खेत में पशु चले जाने को लेकर रविवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। घटना में छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी है।
रविवार सुबह भगौती प्रसाद यादव के परिवार व धर्मराज सिंह के परिवार के बीच फसल नुकसान कराने को लेकर धक्का मुक्की हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने दोनो पक्षों को थाने बुलाया था। शांति व्यवस्था के लिए दो पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया था। एक पक्ष थाने आया तो दूसरा पक्ष नहीं आया था।
मौके पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मी एक पक्ष को समझाने में लगे थे कि दोपहर लगभग एक बजे फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और लाठी डंडा चलने लगा। एक पक्ष से हवाई फायरिंग भी की गई। मारपीट में एक पक्ष से भगौती प्रसाद यादव (75) व दूसरे पक्ष से से हर्ष सिंह (16) , विमल सिंह (30), विक्रम सिंह(20), विपिन कुमार (62), धर्मराज सिंह (60) घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि एक पक्ष से भगौती प्रसाद ने दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। दूसरे पक्ष द्वारा भी तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।