मड़िहान के मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर पचोखरा गांव के पास हादसा, 30 मिनट तक तड़पते रहे घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़िहान। मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर पचोखरा गांव के सामने दो बाइक की टक्कर में दूध विक्रेता महेंद्र राय (57) की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार विनोद पटेल घायल हो गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
राजपुर चौकिया गांव निवासी महेंद्र शुक्रवार देर शाम सात बजे घर से दूध लेकर राजापुर डेयरी गए थे। सब्जी लेने के लिए पचोखरा बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही पचोखरा बाजार के सामने पहुंचे ही थे कि राजगढ़ से घर जा रहे विनोद पटेल (55) निवासी तिसुही की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों लहूलुहान सड़क पर आधे घंटे तक तड़पते रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी मड़िहान पहुंचवाया। जहां से उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी चिकित्सकों ने उपचार कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान महेंद्र की देर रात मौत हो गई। थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरा घायल है।