पड़री। थाना क्षेत्र के डगमगपुर पसैया गांव में शुक्रवार को देर रात कुएं में लगी मशीन को ठीक करते समय पैर फिसलने से एक व्यक्ति कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो गई थी।
क्षेत्र के पसैया डगमगपुर गांव निवासी सोहन गौड़ (54) घर से कुछ दूर अपने निजी कुआं में मशीन लगाकर सिंचाई का काम करते थे। शुक्रवार की देर रात कुएं के किनारे मशीन को सही करते समय पैर फिसलने से वह गिर गए। कुएं में पानी था। इससे वह कुएं में डूब गए। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पड़री माधव सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर सर्विस की टीम और गोताखोरों को बुलाकर शव को बाहर निकलवाया। पड़री पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।