नरायनपुर। इमिलिया चट्टी से पड़ाव (वाराणसी) तक नारायनपुर होते हुए संचालित होने वाली महानगर सिटी बस सेवा के बंद होने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। बस सेवा ठप होने से मरीजों, छात्रों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले ग्रामीणों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले इस बस के माध्यम से कम खर्च में वाराणसी, रामनगर और नारायणपुर तक आसानी से सफर हो जाता था। बस बंद होने के बाद निजी वाहन नहीं रखने वाले लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। नारायणपुर से इमिलिया चट्टी की 17 किलोमीटर की दूरी तय करना भी मुश्किल हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन 50 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है। बस सेवा बंद होने से इलाज, खरीदारी, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए वाराणसी जाने वाले लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है।
क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने वाराणसी महानगर बस सेवा के महाप्रबंधक से तत्काल इमिलिया चट्टी-पड़ाव सिटी बस का संचालन फिर से शुरू कराने की मांग की है। मांग करने वालों में सुरेश सिंह, राजकुमार सिंह, अवधेश कुमार, राम सिंह, मनोज कुमार और प्रेम शंकर सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। संवाद